‘मोर दुआर साय सरकार’ महाभियान के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वे शुरू, डॉ. अभिलाषा नायक ने की भागीदारी

सारंगढ़/जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 03 की सदस्य डॉ. अभिलाषा नायक ने ग्राम पंचायत कुम्हारी एवं उसके आश्रित ग्राम मेडरा में ‘मोर दुआर साय सरकार’ महाभियान के अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया। शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम कुम्हारी के वार्ड क्रमांक 05 (डीपापारा मोहल्ला) में पात्र परिवारों के घर पहुंचकर की गई। डॉ. नायक ने सर्वे की शुरुआत श्रीमती तिजामती सिदार एवं विशाखा चौहान के घर जाकर की।

सर्वेक्षण के दौरान डॉ. अभिलाषा नायक ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभों की जानकारी दी और उन्हें पात्रता अनुसार लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि यह सर्वे सरकार की मंशा के अनुरूप जरूरतमंद परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस सर्वे कार्य में पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बीडीसी सदस्य श्रीमती गणेशी चौहान, सरपंच श्रीमती सरस्वती रामसागर पटेल, उपसरपंच श्रीमती इन्द्रमती पटेल, पंच श्रीमती निराबाई सारथी, तुलाराम पटेल, अंजूलता पटेल, ग्राम रोजगार सहायक राजपाल चौहान, आवास मित्र दयाराम पटेल एवं कृषि मित्र श्रीमती सविता पटेल उपस्थित रहे।
इस पहल से ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ रही है एवं पात्र हितग्राहियों को सीधा लाभ मिल सकेगा।



