Blog

कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू पर फिर विवाद, शासकीय कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष का नाम नहीं

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में एक बार फिर शासकीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को नजरअंदाज करने का मामला सामने आया है। इस बार विवाद नगर पालिका परिषद सारंगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती सोनी अजय बंजारे के नाम को लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के ई-आमंत्रण पत्र मे नाम  नहीं लिखा गया|

यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सारंगढ़ नगर प्रथम आगमन पर आयोजित किया गया था। श्रीमती बंजारे ने अपनी फेसबुक पोस्ट में इस मुद्दे को उठाते हुए प्रशासन, विशेषकर कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू, की आलोचना की है। उन्होंने इसे न केवल प्रशासनिक चूक बल्कि कांग्रेस जनप्रतिनिधियों के प्रति अनदेखी बताया है।

यह पहली बार नहीं है जब इस तरह का मामला सामने आया है। इससे पहले भी शासकीय कार्यक्रमों में कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों का नाम छूटने की शिकायतें होती रही हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में अध्यक्ष श्रीमती बंजारे का नाम लिया, लेकिन आमंत्रण पत्र में उनके नाम की अनुपस्थिति को लेकर क्षेत्र में नाराजगी है।

इस घटना ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस समर्थकों ने इसे जनप्रतिनिधियों के प्रति प्रशासन की उदासीनता बताया है और कलेक्टर की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। मामले ने क्षेत्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है।

Related Articles

Back to top button