छत्तीसगढ़

पुसौर के लिए गौरवशाली उपलब्धि
सुधीर कुमार प्रधान को मिला स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026

शिक्षा, कला एवं व्यावसायिक नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित हुए शिक्षक


पुसौर/रायगढ़:
विकासखंड पुसौर, जिला रायगढ़ (छत्तीसगढ़) के लिए यह अत्यंत हर्ष, गौरव एवं सम्मान का विषय है कि शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पुसल्दा के कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक श्री सुधीर कुमार प्रधान को शिक्षा एवं कला के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया है।
नगर निगम ऑडिटोरियम, रायगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत – स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षिक संगोष्ठी 2026 में श्री प्रधान को शिक्षण में नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा कलात्मक व व्यावसायिक कौशल को बढ़ावा देने की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह राष्ट्रीय स्तर का सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षा, कला एवं व्यावसायिक नवाचार में उल्लेखनीय योगदान
श्री सुधीर कुमार प्रधान ने न केवल पारंपरिक शैक्षणिक विषयों के अध्यापन में विशेष रुचि दिखाई, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कला एवं व्यावसायिक शिक्षा को भी उतना ही महत्व दिया है। उन्होंने विद्यालय में आयोजित होने वाले बस्ता विहीन (बैगलेस डे) शनिवार की अनिवार्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को विभिन्न पारंपरिक व आधुनिक कलाओं से जोड़ा।
उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने:
• पॉट पेंटिंग एवं चित्रकला
• वर्ली आर्ट (Warli Art)
• मधुबनी पेंटिंग
• गोंड आर्ट (Gond Art)
जैसी समृद्ध लोककलाओं को सीखा और अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके इस नवाचार से बच्चों में कला के प्रति रुचि जाग्रत हुई और उनमें व्यावसायिक कौशल व आत्मनिर्भरता की भावना का विकास हुआ। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण अंचल के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने व शाला के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।


कला के क्षेत्र में विशेष पहचान: दिग्गजों को भेंट कर चुके हैं स्वरचित पोर्ट्रेट
उल्लेखनीय है कि शिक्षक श्री सुधीर कुमार प्रधान एक बेहतरीन चित्रकार भी हैं। इसके पूर्व वे अपनी उत्कृष्ट कला साधना का परिचय देते हुए छत्तीसगढ़ के भूतपूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी तथा बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध पार्श्वगायक श्री कैलाश खेर जी को स्वयं अपने हाथों से उनका जीवंत व मनमोहक पोर्ट्रेट बनाकर सादर भेंट कर चुके हैं, जिसकी दोनों विशिष्ट हस्तियों ने मुक्तकंठ से सराहना की थी।
पूर्व में भी कई मंचों पर हो चुके हैं सम्मानित
श्री सुधीर कुमार प्रधान को उनके उत्कृष्ट व समर्पित कार्यों के लिए इसी वर्ष:
1. विकासखंड स्तरीय ‘यशस्वी पोषण सम्मान’
2. जिला स्तरीय ‘मास्टर कन्हैया लाल गुप्ता स्मृति शिक्षक सम्मान’
3. ग्राम तुरंगा में ‘आर्ष गुरुकुल आश्रम तुरंगा’ द्वारा सम्मान
से भी अलंकृत किया जा चुका है। अब राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से पूरे क्षेत्र का मान और अधिक बढ़ा है।
पुसौर का नाम राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित
उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम, रचनात्मकता और सेवाभाव का सम्मान है, बल्कि पूरे पुसौर विकासखंड, रायगढ़ जिले और छत्तीसगढ़ के शिक्षक समुदाय के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, संकुल प्रभारी व समन्वयकों,साथी शिक्षकों ने उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।
“कला, संस्कार और शिक्षा के समन्वय से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।”
हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ
समस्त शिक्षक परिवार, शाला प्रबंधन समिति एवं ग्रामवासी पुसल्दा की ओर से श्री सुधीर कुमार प्रधान,शिक्षक, शा.पू.मा. शाला पुसल्दा, वि.खं. पुसौर को इस गरिमामयी राष्ट्रीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएँ !

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button