बच्चों की ड्रॉइंग ने खींचा अतिथियों का ध्यान, स्कूल की समस्याओं ने बढ़ाई चिंता

सारंगढ़ जिले के शासकीय हाईस्कूल रिसोरा में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। अभियान में जहां स्कूली बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिली, वहीं विद्यालय की बुनियादी समस्याएं भी प्रमुखता से सामने आईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ओमप्रकाश ‘पिंटू’ चौहान, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि, विशिष्ट अतिथि घनश्याम इजारदार जनपद सदस्य सभापति एवं देवराज दीपक कार्यकारी जिलाध्यक्ष अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

चित्रों में दिखी बच्चों की सोच और कल्पना
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा तैयार की गई विभिन्न ड्रॉइंग और चित्रों का अतिथियों ने निरीक्षण किया। बच्चों ने अपने बनाए चित्रों के पीछे की सोच और संदेश को अतिथियों के सामने विस्तार से रखा। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास देखकर अतिथियों ने उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम केवल बच्चों की प्रतिभा तक सीमित नहीं रहा। अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन एवं बच्चों से चर्चा कर स्कूल की मूलभूत आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
शौचालय नहीं, बाउंड्रीवाल और पहुंच मार्ग की भी जरूरत
विद्यालय में शौचालय की कमी, परिसर में बाउंड्रीवाल की आवश्यकता तथा मुख्य सड़क से स्कूल तक पहुंचने के लिए सड़क की जरूरत सामने आई। इन समस्याओं को लेकर विद्यालय की ओर से आवश्यकताओं की जानकारी दी गई। अतिथियों ने समस्याओं को सुना और संबंधित स्तर पर पहल किए जाने की बात कही।विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा सामने आने के बाद यह साफ हुआ कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना भी जरूरी है।तिलक और गुलदस्ते से अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने अतिथियों का तिलक लगाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। शिक्षक भी बच्चों की प्रतिभा और कार्यक्रम को लेकर उत्साहित नजर आए।कार्यक्रम में प्राचार्य सुदय कुमार साहू, शिक्षक फूलचंद डनसेना, चित्रसेन खम्हारी एवं अनिता तिर्की सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे ।
अतिथिओमप्रकाश ‘पिंटू’ चौहान, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कहा
“सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की दिशा में काम करना है। रिसोरा हाईस्कूल के बच्चों ने जिस उत्साह और प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है। विद्यालय की शौचालय, बाउंड्रीवाल और पहुंच मार्ग जैसी जरूरतों को गंभीरता से लेकर संबंधित स्तर पर पहल करने का प्रयास किया जाएगा।
घनश्याम इजारदार, जनपद सदस्य सभापति ने कहा
बच्चों के बनाए चित्रों में उनकी सोच और प्रतिभा साफ दिखाई देती है। विद्यालय की समस्याओं को भी आज करीब से जानने का अवसर मिला। बच्चों को बेहतर वातावरण मिले, इसके लिए स्कूल की मूलभूत जरूरतों को प्राथमिकता के साथ सामने रखना जरूरी है।
देवराज दीपक आई एन एच न्यूज चैनल संवाददाता ने कहा
सेवा संकल्प अभियान तभी सार्थक होगा, जब बच्चों की प्रतिभा के साथ उनकी समस्याओं और विद्यालय की जरूरतों की भी आवाज उठे। रिसोरा हाईस्कूल में बच्चों का उत्साह सराहनीय है, लेकिन शौचालय, बाउंड्रीवाल और पहुंच मार्ग जैसी सुविधाएं भी जरूरी हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार स्तर पर पहल होनी चाहिए।

बच्चों के उत्साह ने कार्यक्रम में भरी जान
सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ ने विद्यालय के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया। बच्चों की ड्रॉइंग, अतिथियों के साथ संवाद और विद्यालय की समस्याओं पर चर्चा ने कार्यक्रम को महज औपचारिक आयोजन से आगे बढ़ाकर बच्चों की प्रतिभा और स्कूल की जरूरतों को सामने लाने वाला मंच बना दिया।



