
रायपुर। सावन के महीने में छत्तीसगढ़ समेत देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं कुछ इलाकों में भूस्खलन और जानमाल के नुकसान की खबरें भी सामने आ रही हैं।
छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में आगामी तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। विभाग ने कई क्षेत्रों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं आज एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
एमसीबी में 708.4 मिमी औसत बारिश
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में 1 जून से 16 अगस्त तक 708.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक सर्वाधिक वर्षा मनेन्द्रगढ़ तहसील में 841.8 मिमी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम केल्हारी तहसील में 551.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
तहसीलवार वर्षा की स्थिति इस प्रकार रही—
चिरमिरी: 804.2 मिमी
मनेन्द्रगढ़: 841.8 मिमी
खड़गवां: 579.5 मिमी
भरतपुर: 725.5 मिमी
कोटाडोल: 748.5 मिमी
केल्हारी: 551.0 मिमी
लगातार बारिश के बीच प्रशासन और स्थानीय लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने तथा भारी बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है।



