50 एकड़ धान की फसल के लिए वरदान साबित हुआ करपी का चेकडैम, किसानों की बढ़ी आमदनी

बरमकेला। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करपी में निर्मित चेकडैम आज क्षेत्र के सैकड़ों किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। शासन की योजना के तहत ग्राम पंचायत की सरपंच भारती नायक के प्रयासों से निर्मित इस चेकडैम से लगभग 50 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। इससे किसानों को धान की फसल के साथ-साथ सब्जी एवं अन्य फसलों की खेती करने में भी बड़ी मदद मिल रही है।

चेकडैम का निर्माण गुणवत्ता और निर्धारित मानकों को ध्यान में रखकर कराया गया था। आज इसका सकारात्मक परिणाम खेतों में दिखाई दे रहा है। जहां पहले किसानों को सिंचाई के लिए पानी की समस्या का सामना करना पड़ता था, वहीं अब जल संरक्षण के माध्यम से खेती-किसानी को नया सहारा मिला है। किसान धान के अलावा मौसमी सब्जियों एवं अन्य फसलों का उत्पादन कर अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं। इससे कई किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में विकास कार्य तभी सार्थक होता है, जब उसका सीधा लाभ आम जनता और किसानों को मिले। करपी का चेकडैम इसका उदाहरण बनकर सामने आया है।
सरपंच भारती नायक द्वारा गांव में सार्वजनिक हित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का प्रयास किया जा रहा है। चेकडैम जैसे जल संरक्षण कार्य से न केवल वर्तमान में किसानों को लाभ मिल रहा है, बल्कि आने वाले समय में भी यह कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




