मनरेगा भुगतान की समस्या को लेकर सरपंच महासंघ ने अधिकारियों से की मुलाकात

छत्तीसगढ़ प्रदेश सरपंच महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में सरपंच प्रतिनिधिमंडल ने नवा रायपुर स्थित विकास भवन में आयुक्त तरुण प्रकाश सिन्हा एवं संचालक श्रीमती प्रियंका ऋषि महोबिया से मुलाकात की। इस दौरान ग्राम पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से बीबी राम जी एवं मनरेगा के लंबित भुगतान का मुद्दा अधिकारियों के समक्ष रखा। सरपंचों ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के भुगतान में आ रही समस्याओं के कारण ग्राम पंचायतों को कार्यों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लंबित भुगतानों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
इसके अलावा 16वें वित्त आयोग की राशि से संबंधित विषयों तथा ग्राम पंचायतों के समक्ष आ रही अन्य प्रशासनिक एवं वित्तीय समस्याओं पर भी चर्चा हुई। महासंघ की ओर से प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों एवं सरपंचों को मनरेगा कार्यों के भुगतान में आ रही दिक्कतों का जल्द समाधान करने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने पंचायतों के नियमित संचालन और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए समय पर राशि उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। अधिकारियों के समक्ष पंचायत स्तर की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ निराकरण करने की मांग रखी गई।
तिलक नायक ग्राम पंचायत खोरीगांव सरपंच सहित प्रदेश के अन्य सरपंच प्रतिनिधि मौजूद रहे।



