गणेश विसर्जन में मनमोहक प्रस्तुति ने मोहा मन, जयकारों के साथ निकली विसर्जन यात्रा

बरमकेला नगर में गणेश उत्सव के समापन अवसर पर मंगलवार को गणेश प्रतिमा का श्रद्धा और उत्साह के साथ विसर्जन किया गया। बाजार चौक स्थित गणेश पंडाल में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश की प्रतिमा को विसर्जन के लिए नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे।
गणेश विसर्जन यात्रा बाजार चौक से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए लाल तालाब की ओर रवाना हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने गणेश प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

विसर्जन यात्रा का विशेष आकर्षण भगवान भोलेनाथ के नृत्य और नंदी बैल की मनमोहक प्रस्तुति रही। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शिव स्वरूप और नंदी की प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। श्रद्धालुओं ने इस प्रस्तुति का आनंद लिया और भक्ति के माहौल में झूमते नजर आए।
नगर में गणेश विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। डीजे और भक्ति संगीत के बीच गणेश प्रतिमा को लाल तालाब ले जाया गया, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।




