ग्राम पिंडरी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को ऑनलाइन ठगी से बचने दी जानकारी

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल एवं गोविंद दीवान एसडीओपी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठग लोगों को अलग-अलग माध्यमों से अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। मोबाइल पर आने वाले अनजान कॉल, लिंक, मैसेज, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक खाते एवं अन्य निजी जानकारी मांगने वाले लोगों से सावधान रहने की समझाइश दी गई।

पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली थाना सारंगढ़ के अंतर्गत ग्राम पिंडरी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने सहभागिता की।

ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, एटीएम पिन, ओटीपी या पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। सोशल मीडिया पर भी अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई।
स्कूली बच्चों को विशेष रूप से सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लिंक और डिजिटल ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों और विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग करना रहा।



