Blog

उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाई जा रही प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप पकड़ी, आरोपी गिरफ्तार

बरमकेला। थाना बरमकेला पुलिस ने अवैध नशीली कफ सिरप के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 की रात्रि में थाना बरमकेला पुलिस द्वारा नियमित गश्त की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम लेंधरा स्थित पशु चिकित्सालय के सामने मुख्य मार्ग पर मोटरसाइकिल से जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसके पास से अवैध रूप से परिवहन की जा रही प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप बरामद हुई।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद हबीब (35 वर्ष), पिता हुसैन मोहम्मद, निवासी सोहेला, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कुल 75 शीशी प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप, जिसकी कुल मात्रा 7500 मिलीलीटर है, बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से यह प्रतिबंधित कफ सिरप छत्तीसगढ़ में तस्करी के उद्देश्य से ला रहा था।

मौके पर गवाहों की उपस्थिति में विधिवत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिरप और वाहन को जब्त कर लिया तथा आरोपी के विरुद्ध धारा 21 बी एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर 18 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ए.के. बेक, आरक्षक तुलेश्वर, प्रधान आरक्षक अशोक सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button