Blog

अवैध डोलोमाइट परिवहन पर पुलिस और तहसीलदार की बड़ी कार्रवाई, 8 ट्रैक्टर जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिले में गठित टास्क फोर्स द्वारा सरिया तहसील के ग्राम कटंगपाली एवं आसपास के मौहपाली क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना वैध दस्तावेज के डोलोमाइट का परिवहन करते हुए 8 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटंगपाली क्षेत्र में लंबे समय से अवैध डोलोमाइट उत्खनन और परिवहन की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सरिया तहसीलदार एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई वाहन बिना किसी वैध अनुमति या दस्तावेज के खनिज परिवहन करते पाए गए, जिसके बाद तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट जिला खनिज विभाग को भेजी जाएगी। खनिज विभाग द्वारा नियमानुसार संबंधित वाहन मालिकों पर जुर्माना लगाया जाएगा तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनिज गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सरिया तहसील क्षेत्र सहित पूरे जिले में ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने इस पहल का स्वागत किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button