जनपद पंचायत बरमकेला के अमृत सरोवर तटों पर उत्साहपूर्वक मनाया गया गणतंत्र दिवस

सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे और इंद्रजीत वर्मन जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन में अजय कुमार पटेल सीईओ के नेतृत्व में कमलेश मेहरा कार्यक्रम अधिकारी जनपद पंचायत बरमकेला अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों के अमृत सरोवर तटों पर 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर अमृत सरोवर तटों पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ राष्ट्रध्वज फहराकर देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ की गई, जिससे समूचा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता, साफ-सफाई एवं जल संरक्षण को लेकर सामूहिक शपथ ली गई। सभी ने अपने ग्राम एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने तथा जल स्रोतों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। अमृत सरोवरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा की गई।

इस अवसर पर “विकसित भारत – जी रामजी योजना” के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं उनके उद्देश्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि यह योजना ग्रामीण विकास, स्वच्छता, जल संरक्षण, रोजगार सृजन एवं आजीविका संवर्धन के माध्यम से देश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम में संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, तकनीकी सहायक, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। जनपद पंचायत बरमकेला द्वारा आयोजित यह आयोजन न केवल गणतंत्र दिवस के उत्सव का प्रतीक रहा, बल्कि स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जनजागरूकता का सशक्त संदेश भी जन-जन तक पहुँचाने में सफल रहा।




