लिमगांव–तौसीर नाला पर पुल व सड़क निर्माण की दिशा में बड़ी पहल, निरीक्षण के लिए पहुंचे विभागीय अधिकारी

सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के लिमगांव से तौसीर के बीच स्थित नाले पर लंबे समय से पुल और सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लोक निर्माण विभाग, सारंगढ़–बिलाईगढ़ के कार्यपालन अभियंता पी. एल. पैकरा के निर्देशानुसार विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण ग्रामीणों की मांग के अनुरूप पुल निर्माण एवं सड़क निर्माण की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया।

निरीक्षण के दौरान अशोक विभागीय टीम ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, नाले की चौड़ाई, जल प्रवाह, आवागमन की आवश्यकता और तकनीकी पहलुओं का गहन अध्ययन किया। इसके आधार पर पुल और सड़क निर्माण के लिए प्रारंभिक एस्टीमेट तैयार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि तैयार किए गए एस्टीमेट के आधार पर जल्द ही स्वीकृति हेतु फाइल उच्च कार्यालय भेजी जाएगी, ताकि निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।
ग्रामीणों का कहना है कि नाला होने के कारण बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, मरीजों को अस्पताल ले जाने और दैनिक जरूरतों के लिए भारी परेशानी होती है। पुल और सड़क बनने से लिमगांव और तौसीर के बीच संपर्क सुगम होगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने आश्वासन दिया कि वे इस कार्य को लेकर पूरी निष्ठा और मेहनत से प्रयासरत हैं। निरीक्षण की खबर से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल है। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही पुल और नई सड़क का सपना साकार होगा और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा।



