
केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा आयोजित मेडिकल कैम्प में सैकड़ों ग्रामीणों को दी गई निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं
उप मुख्यमंत्री(गृह) विजय शर्मा बीजापुर जिले के सुदूर क्षेत्र पालनार पहुंचे। वहां आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में सभी योजनाओं के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा स्टॉल्स लगाए गए थे। जिनका निरीक्षण माननीय उप मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। साथ ही उनके द्वारा विभागीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी भी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने जनता के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनी तथा नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने उपस्थित हितग्राहियों से आवश्यक चर्चा की और उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को त्वरित निर्देशित किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (केरिपु बल) की 222वीं बटालियन ने मेडिकल कैम्प का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं दी गई। कैम्प में ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाई के साथ स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर आवश्यक जानकारी भी दी गई।