दिवाली से पहले पटाखा लाइसेंस के नाम पर वसूली का आरोप, प्रति लाइसेंस 2 हजार रुपये मांगने की शिकायत

सारंगढ़-बिलाईगढ़। दीपावली पर्व से पहले अस्थायी पटाखा लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया के बीच अवैध वसूली का मामला सामने आया है। जिले के समस्त अस्थायी पटाखा लाइसेंसधारियों ने कलेक्टर के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर खीरसाय नेताम पर प्रति लाइसेंस 2 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है।
शिकायत में बताया गया है कि दीपावली के अवसर पर पटाखा दुकान संचालन के लिए सभी व्यापारियों ने नियमानुसार आवेदन किया है। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सत्यापन रिपोर्ट भी प्राप्त हो चुकी है तथा प्रत्येक व्यापारी द्वारा 600 रुपये का चालान भी जमा किया गया है।
व्यापारियों का कहना है कि दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद भी लाइसेंस जारी करने के एवज में कथित रूप से पैसों की मांग की जा रही है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा यह भी कहा जाता है कि उक्त राशि एसपी एवं कलेक्टर को दी जाती है।
व्यापारियों ने बताया कि अस्थायी पटाखा लाइसेंस मात्र तीन दिनों के लिए जारी होता है और इसी छोटे से कारोबार से उनके परिवार का भरण-पोषण होता है।
समस्त व्यापारियों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।



