जनपद सीईओ शिक्षा शर्मा ने ली सचिवों और रोजगार सहायकों की समीक्षा बैठक, दिए कड़े निर्देश

*बरमकेला / जनपद पंचायत बरमकेला के सभा कक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री शिक्षा शर्मा ने क्षेत्रांतर्गत कार्यरत समस्त ग्राम पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्धारित एजेंडा के अनुसार सबसे पहले *प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)* की समीक्षा की गई। सीईओ ने अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम पंचायतों में चल रहे समस्त निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने ग्राम पंचायतों में आरोपित समस्त प्रकार के करों की वसूली की स्थिति, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत सामुदायिक शौचालय निर्माण, आंगनबाड़ी मरम्मत के एस्टीमेट की प्रगति की भी समीक्षा की। अतिरिक्त प्रभार वाले सचिवों को अपनी सभी पंचायतों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सेवा सेतु अभियान और सेवा संकल्प अभियान के तहत डोंगरीपाली गांव को ‘एक गांव गोद’ लेने के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही ग्राम वन समिति एवं सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन समिति के खातों, महतारी सदन निर्माण की प्रगति, पंचायतों में पहुंच मार्ग मरम्मत कार्य, ग्राम संपदा ऐप और समर्थ पोर्टल में एंट्री की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
सीईओ सुश्री शिक्षा शर्मा ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए।



