सारंगढ़ बिलाईगढ़

मोदी के जन्मदिन पर सियासी घमासान, किशोर पटेल ने सरकारी आयोजनों पर उठाए सवाल

बरमकेला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को लेकर देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बीच बरमकेला में भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरमकेला के अध्यक्ष किशोर कुमार पटेल ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर एक अपील जारी करते हुए इसे बेरोजगारी और महंगाई दिवस के रूप में मनाने की बात कही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है तथा सरकारी धन का उपयोग किया जा रहा है।

किशोर पटेल का कहना है कि यदि सरकार को जनता की इतनी ही चिंता है तो गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने पंचायतों को 16वें वित्त आयोग की राशि उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास में मदद मिल सकती है।



उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों को इन आयोजनों में लगाने के बजाय उन्हें अपने नियमित प्रशासनिक एवं जनहित के कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।

किशोर पटेल ने केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी सहित विभिन्न मुद्दों का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर राजनीतिक टिप्पणी की। साथ ही नोटबंदी, आतंकवादी हमलों, उद्योगपतियों को कथित कर्ज राहत और देश पर बढ़ते विदेशी कर्ज जैसे मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर कार्यक्रम आयोजित करने के बजाय जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर चर्चा और समाधान की दिशा में काम किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से 17 सितंबर को काले कपड़े पहनकर या काली पट्टी बांधकर ‘काला दिवस’ के रूप में मनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button