छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

बरमकेला जल संसाधन विभाग कार्यालय में अधिकारी की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल, बाबू-चपरासी के भरोसे चल रहा काम

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला मुख्यालय में स्थित जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यालय में अनुविभागीय अधिकारी ईश्वर दत्त भगत की नियमित मौजूदगी नहीं होने के कारण आम लोगों और किसानों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना पड़ रहा है। कार्यालय में अधिकारी की कुर्सी अक्सर खाली नजर आने की शिकायत सामने आ रही है।

शासन की विभिन्न योजनाओं और जल संसाधन विभाग से संबंधित जानकारी लेने के लिए जब संवाददाता द्वारा कई बार कार्यालय का दौरा किया गया, तो हर बार अधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं होने की बात सामने आई। विभागीय कर्मचारियों से अधिकारी के बारे में पूछे जाने पर कभी रायगढ़ तो कभी सारंगढ़ जाने की जानकारी दी गई। हर बार अधिकारी के बाहर होने की बात सामने आने से यह सवाल उठ रहा है कि आखिर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित क्यों नहीं रहते।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल संसाधन विभाग किसानों और ग्रामीणों से सीधे जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण विभाग है। सिंचाई, नहर, जलाशय और अन्य जल संसाधन से संबंधित समस्याओं को लेकर किसान एवं ग्रामीण अधिकारी से मिलने कार्यालय पहुंचते हैं। लेकिन अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता है।

बताया जा रहा है कि कार्यालय में अधिकारी की गैरमौजूदगी के दौरान बाबू और चपरासी ही कार्यालय का कामकाज संभालते नजर आते हैं। कार्यालय में तीन-चार कर्मचारियों की मौजूदगी रहती है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी के नहीं मिलने से लोगों को जरूरी जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए परेशान होना पड़ता है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित उच्चाधिकारी इस मामले का संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी की कार्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि किसानों और आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए भटकना न पड़े। साथ ही लोगों ने कार्यालय की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

संवाददाता द्वारा अधिकारी को फोन करने पर भी किसी भी प्रकार की कोई प्रतिक्रिया नहीं दिया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button