जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने ली विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

बरमकेला। जनपद पंचायत बरमकेला के सभा कक्ष में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ऋषिकेश तिवारी ने विभागीय योजनाओं एवं विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों एवं पंचायत सचिवों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी-जी राम जी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य विकास एवं निर्माण कार्यों की पंचायतवार समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए जिन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनमें तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों से कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की बात भी कही गई।
बैठक में जनपद पंचायत बरमकेला के प्रभारी सीईओ राधेश्याम नायक, एपीओ संजू पटेल, एपीओ शशिकांत गुप्ता सहित ब्लॉक स्तर के सभी अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे। अधिकारियों ने समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुरूप योजनाओं और विकास कार्यों में तेजी लाने का भरोसा दिलाया।



