
बरमकेला। छात्रों के हितों और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्रों द्वारा किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में बरमकेला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा धरना प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरमकेला के अध्यक्ष किशोर पटेल ने किया। विरोध प्रदर्शन बरमकेला बस स्टैंड में आयोजित हुआ, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से देशभर के लाखों छात्र प्रभावित हो रहे हैं। मेहनत और लगन से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। छात्रों के अधिकारों और उनकी मांगों को लेकर दिल्ली में चल रहे आंदोलन को दबाने के प्रयासों का भी कांग्रेस ने विरोध किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के पश्चात केंद्र सरकार के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध जताया गया। मौके पर बरमकेला पुलिस मौजूद रहे।
इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी लगातार आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर छात्रों के समर्थन में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।



