कोटवार भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, चार व्यक्ति के द्वारा कोटवार भूमि कब्जा जांच की मांग

बरमकेला। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला ब्लॉक मुख्यालय स्थित लेंधरा रोड पर मेन रोड किनारे कोटवार भूमि पर अवैध कब्जा कर आलीशान मकान बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय नागरिकों द्वारा बरमकेला तहसीलदार को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत के अनुसार, कोटवार भूमि पर वर्षों से चार व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर स्थायी निर्माण कर लिया गया है। आरोप है कि इस शासकीय भूमि पर निजी मकान बनाकर उसका उपयोग किया जा रहा है, जबकि नियमानुसार कोटवार भूमि सार्वजनिक एवं शासकीय उपयोग के लिए आरक्षित होती है। ऐसी भूमि पर किसी निजी व्यक्ति को कब्जा करने या निर्माण करने का अधिकार नहीं होता।
शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित भूमि के राजस्व अभिलेखों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। यदि शिकायत सही पाई जाती है तो अवैध कब्जा हटाने तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की प्रवृत्ति को समय रहते नहीं रोका गया तो भविष्य में ऐसे मामलों में और वृद्धि हो सकती है।
पहले कोटवार नौकर भूमि दिख रहा था अब पटवारी की मेहरबानी से कृषि भूमि कर दिया गया है।
फिलहाल शिकायत तहसील कार्यालय में प्रस्तुत की जा चुकी है। अब लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि राजस्व विभाग जांच पूरी कर कब तक इस मामले में उचित निर्णय लेता है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है तथा स्थानीय नागरिक निष्पक्ष जांच और पारदर्शी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



