बरमकेलासारंगढ़ बिलाईगढ़

सुशासन तिहार में कांग्रेस का प्रदर्शन, महंगाई-खाद संकट सहित कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा

बरमकेला झाल। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदेशभर के जनपद पंचायत क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान आज झाल में कांग्रेस कमेटी ने विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी समस्याओं, महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन तथा अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की कई योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे आम जनता और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता काले शर्ट पहनकर पहुंचे और सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। ब्लॉक अध्यक्ष किशोर पटेल ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को लगातार उठाती रहेगी और किसानों, मजदूरों तथा आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

सुशासन तिहार कार्यक्रम स्थल पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन-प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

जवाब देने उठे भाजपा नेता, बढ़ गया विवाद

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के झाल में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस द्वारा विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने खाद की महंगाई, पेंशन, महतारी वंदन योजना सहित कई विषयों पर सवाल उठाए।

कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा नेता रामकृष्ण नायक मंच पर पहुंचे। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। देखते ही देखते दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने भी इस पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

अनुविभागीय अधिकारी वर्षा बंसल ने माहौल को देखते हुए शांत कराया गया साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा ज्ञापन सोपा गए।



इस अवसर पर विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष ताराचंद पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button