किसानों को डीजल नहीं मिलने पर सरपंच ने पेट्रोल पंप में कालाबाजारी लिखित शिकायत

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डभरा के सरपंच द्वारा किसानों को डीजल नहीं मिलने और पेट्रोल पंप में कालाबाजारी किए जाने की शिकायत प्रशासन से की गई है। सरपंच ने तहसीलदार बरमकेला को लिखित आवेदन सौंपकर बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित कृषि सेवा पेट्रोल पंप में किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। किसानों को केवल 5 से 10 लीटर डीजल देकर वापस भेजा जा रहा है, जबकि रात के समय व्यापारियों को अधिक मात्रा में डीजल दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
सरपंच श्रीमती सावित्री सिदार के द्वारा कहा गया कि किसान कई दिनों से डीजल की कमी से परेशान हैं और खेतों में कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। किसान सुबह से पेट्रोल पंप में लाइन लगाकर खड़े रहते हैं, लेकिन जरूरत के अनुसार डीजल नहीं मिल पा रहा है। दूसरी ओर कुछ लोगों द्वारा अधिक मात्रा में डीजल लेकर उसकी चोरी-छिपे बिक्री किए जाने की बात भी सामने आई है।
सरपंच ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंप की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा किसानों को नियमित और पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि खेती-किसानी का कार्य प्रभावित न हो।



