*बरमकेला अस्पताल में महिला डॉक्टर व ब्लड स्टोरेज की मांग, सीएमएचओ से मिले कैट जिलाध्यक्ष रतन शर्मा*

बरमकेला। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव से कैट के जिलाध्यक्ष एवं समाजसेवी रतन लाल शर्मा ने सौजन्य मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस दौरान शर्मा ने गुलदस्ता भेंटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा बरमकेला क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया।
मुलाकात के दौरान रतन लाल शर्मा ने बरमकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों की पदस्थापना की आवश्यकता बताते हुए विशेष रूप से महिला डॉक्टर की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने कहा कि महिला चिकित्सक नहीं होने से क्षेत्र की महिलाओं को इलाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।

इसके अलावा उन्होंने अस्पताल में ब्लड स्टोरेज यूनिट की व्यवस्था किए जाने की भी मांग रखी। शर्मा ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने से गंभीर दिक्कतें आती हैं। यदि बरमकेला में ब्लड स्टोरेज की सुविधा शुरू हो जाती है तो क्षेत्र के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
रतन शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, पर्याप्त स्टाफ की नियुक्ति, जांच सुविधाओं में बढ़ोतरी तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी चर्चा की। उन्होंने सीएमएचओ से मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कैट के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।



