मास्टर एथलेटिक्स में प्रधान पाठक जुगेंद्र प्रसाद साहू ने जीते 4 पदक, स्कूल में हुआ भव्य स्वागत

बरमकेला विकासखंड के प्राथमिक शाला चांटीयाली के प्रधान पाठक जुगेंद्र प्रसाद साहू ने एक बार फिर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश के जबलपुर में आयोजित 45वीं राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चार पदक जीतकर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन किया। 13 से 15 फरवरी तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 21 राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
जुगेंद्र प्रसाद साहू ने अपने आयुवर्ग में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए 200 मीटर दौड़ में रजत पदक और 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा 30 आयुवर्ग की 4×100 मीटर रिले रेस में रजत पदक तथा 35 आयुवर्ग की 4×400 मीटर रिले रेस में कांस्य पदक प्राप्त कर कुल 2 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता से लौटने पर स्कूल पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। प्रधान पाठक चुडामणी चौहान, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों ने उन्हें माला पहनाकर, लड्डू खिलाकर तथा आरती-तिलक कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधान पाठक चुडामणी चौहान ने कहा कि जुगेंद्र साहू की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे शिक्षा विभाग और राज्य के लिए गर्व का विषय है।
जुगेंद्र साहू स्वयं खेल के प्रति समर्पित हैं और नियमित रूप से छात्रों व आसपास के युवाओं को सुबह-शाम खेल एवं योग का प्रशिक्षण भी देते हैं, जिससे बच्चों में अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।



