सारंगढ़ बिलाईगढ़

*संगठन को मजबूती देने कैट का हुआ  सम्मेलन, जिलाध्यक्ष रतन शर्मा का हुआ सम्मान*

*रायपुर में होने वाले नेशनल ट्रेड एक्सपो में  सहभागिता निभाने की अपील*

*ब्यापारियों में दिखा खासा उत्साह*
बरमकेला।
भारत के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों एवं नगरों में सदस्यता अभियान के साथ पदाधिकारियों का गठन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कुछ माह पूर्व नवगठित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समाजसेवी रतन शर्मा को कैट का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।


जिलाध्यक्ष बनने के बाद रतन शर्मा द्वारा व्यापारिक हितों के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी कई उल्लेखनीय कार्य किए गए, जिसके चलते उन्हें जिला प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांसद राधेश्याम राठिया के हाथों तथा पत्रकारों की कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था।
इन्हीं उपलब्धियों को दृष्टिगत रखते हुए कैट द्वारा बरमकेला के लाल तालाब स्थित शिव मंदिर प्रांगण में एक विशेष सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में व्यापारिक मुद्दों, संगठन की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कैट के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।


इस अवसर पर व्यापारियों एवं कैट के सदस्यों ने अल्प समय में संगठन को ऊँचाइयों तक पहुँचाने तथा प्रदेश एवं जिला स्तर पर सम्मान प्राप्त करने के लिए जिलाध्यक्ष रतन शर्मा का महामाला एवं गुलदस्ता भेंट कर जोरदार स्वागत किया। साथ ही उनके नेतृत्व में व्यापारिक एवं सामाजिक हितों में और अधिक मजबूती से कार्य करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की गई।


अपने स्वागत से अभिभूत जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने कहा कि यह सम्मान उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि संगठन के सभी सदस्यों की सामूहिक मेहनत और एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आप सभी का सहयोग और आशीर्वाद यूँ ही बना रहे, ताकि आने वाले समय में कैट के माध्यम से व्यापारियों के हित में और भी बेहतर कार्य किए जा सकें। उन्होंने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।


इस दौरान उन्होंने आगामी दिनों में रायपुर में कैट द्वारा21 से 25 फरवरी तक रायपुर के बीटीआई ग्राउंड में आयोजित होने वाले नेशनल ट्रेड एक्सपो की जानकारी भी दी और अधिक से अधिक व्यापारियों से उसमें सहभागिता करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन बी. डी. मिश्रा ने किया। सम्मेलन में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोहर नायक, संरक्षक अशोक अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, रामेश्वर बारिक सहित सैकड़ों की संख्या में कैट के सदस्य, पदाधिकारी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।


कैट द्वारा आयोजित यह सम्मेलन बेहद प्रभावी, प्रेरणादायक एवं सफल रहा, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button