सारंगढ़ बिलाईगढ़

मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा में शामिल होंगे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज

सारंगढ़। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा योजना में किए जा रहे बदलावों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत 28 जनवरी को सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में भव्य पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज विशेष रूप से शामिल होंगे और ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार ने मनरेगा का नाम बदलकर “विकसित भारत” से जुड़ा नया नाम देकर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाया है, जो योजना की मूल भावना पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि महात्मा गांधी और देश के करोड़ों नागरिकों के सम्मान पर चोट है। इसी के विरोध में कांग्रेस पार्टी पूरे देश में सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रही है।

जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़–बिलाईगढ़ द्वारा आयोजित यह पदयात्रा जिले के ग्राम बहलीडीह, लामीपाली, सेमीकोट, चिंगरीडीह एवं पिकरीपाली में निकाली जाएगी। पदयात्रा के दौरान दीपक बैज ग्रामीण मजदूरों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा मजदूरों के साथ किए जा रहे कथित अन्याय को जनता के सामने रखेंगे।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ताराचंद देवांगन एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरमकेला के अध्यक्ष किशोर पटेल ने जिले के समस्त मनरेगा कर्मियों, ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को मजबूती देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button