छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

11 जनवरी को बरमकेला में अटल परिसर का लोकार्पण, उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे शुभारंभ

सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला नगर पंचायत में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा एवं अटल परिसर का भव्य लोकार्पण 11 जनवरी को किया जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और उनके करकमलों से अटल परिसर का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम को लेकर नगर पंचायत स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

लोकार्पण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार जायजा ले रहे हैं। आयोजन स्थल की साफ-सफाई, मंच व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा एवं यातायात सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

नगर पंचायत बरमकेला में अटल जी की प्रतिमा और अटल परिसर का निर्माण जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है। अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। उनके विचारों को स्मरण कराने और आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देने के उद्देश्य से इस परिसर का लोकार्पण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

तैयारी के निरीक्षण के दौरान प्रदेश कृषि व्यवसाय किसान मोर्चा के संयोजक कैलाश पंडा, जिला उपाध्यक्ष मनोहर पटेल, युवा नेता यशवंत नायक, नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) सहित तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button