गिरहुलपाली गांव में अंधकार का हुआ अंत: यशवंत नायक की पहल से गांव को मिला नया ट्रांसफार्मर

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम पंचायत गिरहुलपाली में बीते चार दिनों से ट्रांसफारMER खराब होने के कारण पूरे गांव में अंधेरा छा गया था। बिजली सप्लाई बंद होने से जहां एक ओर नवजात शिशु रात भर बिलखते रहे, वहीं बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हुई। उमस भरी गर्मी और मच्छरों के प्रकोप से ग्रामीण बेहद परेशान थे। गांव में पीने के पानी की भी भारी किल्लत हो गई थी, जिसके चलते लोगों को पड़ोसी गांव से पानी लाना पड़ रहा था।
अंधेरे के बीच गांववासी जहरीले सांप-बिच्छुओं और अन्य खतरनाक कीटों के डर में जीवन बिता रहे थे। कई प्रयासों के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तब ग्रामीणों ने जनहितैषी और सामाजिक कार्यों में अग्रणी यशवंत नायक से संपर्क किया। यशवंत नायक ने समस्या की गंभीरता को समझते हुए तत्परता से कार्रवाई की और बिजली विभाग से लगातार संपर्क में रहकर महज 24 घंटे के भीतर नया सोल्ड ट्रांसफार्मर गांव में उपलब्ध करवाया।
आज मंगलवार, 5 अगस्त 2025 को नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है और दोपहर तक गांव में बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से शुरू हो जाएगी। पूरे गिरहुलपाली ग्रामवासियों की ओर से यशवंत नायक को विशेष धन्यवाद और आभार प्रकट किया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि वे सदैव उनके इस सहयोग को स्मरण रखते हुए आभारी रहेंगे।



