छत्तीसगढ़

भाजपा छत्तीसगढ़ ने की महत्वपूर्ण नियुक्ति, जगन्नाथ पाणिग्राही बने दुर्ग संभाग प्रभारी

रायपुर/भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव द्वारा जारी आदेश के तहत बरमकेला विकासखंड के ग्राम भीखमपुरा निवासी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही को दुर्ग संभाग प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



दुर्ग संभाग राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस संभाग में कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़–छुईखदान–गंडई, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और मोहला-मानपुर-चौकी जैसे सात प्रमुख जिले शामिल हैं, जहां प्रदेश की हाईप्रोफाइल सीटें आती हैं। यहां भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के बीच कड़ा मुकाबला होता है, ऐसे में संगठन को मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह नियुक्ति की गई है।



दुर्ग संभाग प्रभारी के रूप में जगन्नाथ पाणिग्राही को संगठनात्मक विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती, जनसंवाद बढ़ाने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण तथा विभिन्न जिलों में समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति को आगामी चुनावों और सामाजिक कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों से अपील की है कि वे जनता के बीच पार्टी की मूल विचारधारा, योजनाएं और कार्यप्रणाली को प्रभावी ढंग से पहुंचाएं तथा संगठनात्मक अनुशासन को सर्वोपरि रखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाएं। भाजपा का मानना है कि इन नई नियुक्तियों से संगठन और अधिक सशक्त होकर आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करेगा।

Related Articles

Back to top button