सारंगढ़ बिलाईगढ़

लंबित अपराध और मर्ग प्रकरणों का जल्द करें निराकरण, अवैध कारोबार पर जीरो टॉलरेंस अपनाएं: एसपी सुनील शर्मा

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल के नेतृत्व में जिला मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान एसपी सुनील शर्मा ने प्रत्येक थाना प्रभारी से उनके थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही थानों में लंबित अपराध प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

एसपी ने विशेष रूप से लंबे समय से लंबित अपराध मामलों एवं मर्ग प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अपराधों की विवेचना में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।



बैठक में अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट के तहत नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सीसीटीएनएस पोर्टल में दर्ज रिकॉर्ड और लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को पुलिसिंग में सक्रियता, जवाबदेही और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button