*बाल संरक्षण आयोग द्वारा सायकल प्रदाय पर खिल उठे बालिकाओं के चेहरे*

*बरमकेला।* बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को पंडित हृदयानंद पाणिग्राही शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय भीखमपुरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘सशक्त बचपन, सुरक्षित भविष्य’ रखी गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि सभापति डॉ. अभिलाषा नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा के भीखमपुरा प्रवास के दौरान स्थानीय सपेरा बस्ती की तीन छात्राओं कु. रिंकी सिदार, कु. पदमा सिदार एवं कु. पुलेश्वरी सिदार ने सायकल की मांग की थी, जिसे डॉ. वर्णिका शर्मा ने सहृदयता से स्वीकार किया। उन्हीं की पहल पर आज तीनों बालिकाओं को सायकल प्रदान की गई, जिससे सायकल पाकर बच्चे गदगद हो गए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी और बाल यौन शोषण जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बच्चों को इनके दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहने की समझाइश दी। साथ ही किसी भी प्रकार के शोषण या परेशानी की स्थिति में मदद के लिए 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई।
श्रीमती नायक ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यहाँ के शिक्षक न केवल बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा दे रहे हैं, बल्कि उनमें अच्छे संस्कार भी विकसित कर रहे हैं। इसके साथ ही, स्कूल परिसर की साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई में एकाग्रता के लिए अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने सभी बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला बाल संरक्षण अधिकारी पायल साहू एवं संरक्षण अधिकारी मीनू पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार कुर्रे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत नायक, शिक्षक षष्ठीचरण गुरु, विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




