छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

### सेवा सहकारी समिति बोईरडीह में किसानों की शेयर राशि का हिसाब मांगने सौंपा ज्ञापन

मुकेश चौधरी ने प्रबंधक हरिशंकर नायक को सौंपा ज्ञापन, किसानों की जमा पूंजी और लाभांश की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग

बरमकेला। भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के माध्यम से किसानों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर सेवा सहकारी समिति बोईरडीह में ज्ञापन सौंपा गया। मुकेश चौधरी के नेतृत्व में समिति के प्रबंधक हरिशंकर नायक को ज्ञापन सौंपकर किसानों द्वारा जमा की गई शेयर राशि, उसके उपयोग तथा उससे प्राप्त होने वाले लाभ की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई।

सहकारी समिति में सदस्य किसानों द्वारा समय-समय पर शेयर राशि जमा की जाती है। ऐसे में प्रत्येक किसान को अपनी जमा पूंजी और उससे समिति को होने वाले लाभ की जानकारी प्राप्त करने का अधिकार होना चाहिए।

भारतीय किसान संघ ने समिति से कुल जमा शेयर राशि, वर्तमान शेयर पूंजी, शेयर राशि का किन-किन कार्यों में उपयोग किया जा रहा है तथा समिति को प्रतिवर्ष होने वाली आय और लाभ का विवरण मांगा है। इसके अलावा किसानों की लाभ में भागीदारी, शेयरधारक किसानों को मिलने वाली सुविधाएं और लाभांश दिए जाने की दर की जानकारी भी मांगी गई है।

पिछले तीन वर्षों का आय-व्यय विवरण एवं ऑडिट रिपोर्ट उपलब्ध कराने के साथ प्रत्येक सदस्य किसान की जमा शेयर राशि का व्यक्तिगत विवरण देने की मांग की गई है।

मुकेश कहना है कि सहकारी समितियों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है, ताकि किसानों को उनकी जमा पूंजी और अधिकारों की सही जानकारी मिल सके। अब देखना होगा कि समिति प्रबंधन द्वारा इन सवालों पर कितनी जल्द जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

Related Articles

Back to top button