
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जनपद पंचायत बरमकेला के ग्राम पंचायत बुदबुदा में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर उठे सवालों की जांच अब जिला पंचायत कार्यालय तक पहुंच गई है। कलेक्टर से की है की गई लिखित शिकायत के आधार पर जिला पंचायत प्रशासन ने आगामी 22 जून 2026 को दोपहर 12 बजे जिला पंचायत सभाकक्ष में सुनवाई और दस्तावेजों की जांच तय की है।
जारी आदेश के अनुसार तत्कालीन सरपंच शिवानी सिदार, तत्कालीन सचिव दौलतराम जायसवाल, वर्तमान सरपंच लक्ष्मी पटेल, वर्तमान सचिव पंडितराम सिदार तथा शिकायतकर्ता पत्रकार हेमंत पटेल को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित पक्षों को वित्तीय वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक 15वें वित्त आयोग की राशि से जुड़े कार्यों के दस्तावेज, बिल, वाउचर, देयक और अन्य साक्ष्य लेकर उपस्थित होना होगा।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत बुदबुदा में 15वें वित्त आयोग की राशि में कथित अनियमितता को लेकर शिकायतकर्ता हेमंत पटेल ने कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 15 जून को जिला स्तरीय जांच दल कार्यालय बुदबुदा पंचायत भवन पहुंचा था, जहां शिकायतकर्ता द्वारा कई दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत किए गए थे। उस दौरान खर्च से जुड़े कुछ सवालों का स्पष्ट जवाब सरपंच और सचिव द्वारा नहीं दिया जा सका था, जिसके बाद पंचायत के रोकड़ पंजी, बैठक पंजी सहित अन्य दस्तावेजों को जब्त किया गया था वहीं अब विस्तृत दस्तावेजों के साथ जिला पंचायत में सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई है।
मामला पहले से ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पंचायत में हुई प्रारंभिक जांच के दौरान पंचायत संचालन, वित्तीय रिकॉर्ड और खर्च संबंधी दस्तावेजों को लेकर कई सवाल उठे थे। अब 22 जून को होने वाली जांच में यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितना तथ्य है और जांच समिति आगे क्या अनुशंसा करती है।
ग्रामीणों की निगाहें अब जिला स्तरीय जांच पर टिकी हुई हैं। लोगों का कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होती है तो पंचायत में हुए खर्च और कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी। वहीं शिकायतकर्ता ने भी जांच समिति से निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।


