छत्तीसगढ़रायगढ़

खेती बचाओ अभियान को मिली नई गति, रायगढ़ में भारतीय किसान संघ की जिला बैठक संपन्न

रायगढ़। कृषि विज्ञान केंद्र रायगढ़ के सभागार में भारतीय किसान संघ रायगढ़ जिले की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य “खेती बचाओ अभियान” के तहत किसानों को रासायनिक खाद के कम उपयोग तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न तहसीलों से बड़ी संख्या में किसान बंधु शामिल हुए।

बैठक में कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक मनीषा चौधरी एवं केंद्र के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी। भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष माधव सिंह ठाकुर ने संगठन की भूमिका, किसानों के हितों की रक्षा तथा गांव-गांव में संगठन को मजबूत बनाने के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन किया। उन्होंने किसानों से एकजुट होकर कृषि एवं किसान हित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

प्रदेश मंत्री मुकेश चौधरी ने किसानों को जैविक खेती के महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के लिए जैविक खाद एवं प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कैसे किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जैविक खेती न केवल भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखती है, बल्कि किसानों की उत्पादन लागत भी कम करती है।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष कार्तिक राम चौधरी, जिला मंत्री मनबोध पटेल सहित भारतीय किसान संघ के अनेक पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे। वक्ताओं ने किसानों को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं स्वस्थ कृषि व्यवस्था की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कृषि विज्ञान केंद्र एवं भारतीय किसान संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button