धान खरीदी में 99 लाख से अधिक गबन, समिति प्रबंधक और कम्प्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस के अंतर्गत थाना सरिया पुलिस ने धान उपार्जन केंद्र साल्हेओना में हुए करोड़ों के अनियमितता मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए समिति प्रबंधक और कम्प्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला खरीफ वर्ष 2025-26 की धान खरीदी से जुड़ा हुआ है, जिसमें बिना धान आवक के फर्जी ऑनलाइन एंट्री कर शासन की राशि का गबन किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सहायक खाद्य अधिकारी विद्यानंद पटेल की लिखित शिकायत पर थाना सरिया में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 316(5), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में पाया गया कि धान उपार्जन केंद्र साल्हेओना पंजीयन क्रमांक 245 में समिति प्रबंधक बंशीधर पटेल और कम्प्यूटर ऑपरेटर वासुदेव पटेल ने किसानों के नाम पर फर्जी टोकन काटकर 3140.80 क्विंटल धान की ऑनलाइन एंट्री की थी।
जांच टीम द्वारा 20 अप्रैल 2026 को किए गए भौतिक सत्यापन में 97 लाख 36 हजार 480 रुपये मूल्य का धान तथा 1 लाख 75 हजार 931 रुपये के नए जूट बारदाने की कमी पाई गई। कुल मिलाकर 99 लाख 12 हजार 411 रुपये से अधिक के गबन का मामला सामने आया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने कम्प्यूटर सिस्टम, बॉयोमैट्रिक डिवाइस, आईरिश स्कैनर सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



