
रायगढ़ विधानसभा अंतर्गत सरिया क्षेत्र के नौघटा, छुहीपाली से बिलाईगढ़ पहुंच मार्ग पर स्थित कटंगीनाला जर्जर होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों पुराना यह नाला अब पूरी तरह खराब हो चुका है, जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो गया है।

नाले की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जहां पानी भरने से रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। वर्तमान में प्रशासन द्वारा मिट्टी डालकर रास्ते को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिससे वाहन चालकों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। इसी मार्ग से किसान अपने कृषि कार्य के लिए आवागमन करते हैं तथा छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेज पहुंचते हैं। नाला खराब होने के कारण लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि कटंगीनाला बहुत पुराना हो चुका है, इसलिए यहां नए पुलिया एवं नाला निर्माण की आवश्यकता है। लोगों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है ताकि आम जनता को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु रूप से चालू हो सके।




