*एक्सिस बैंक का सर्किल मैनेजर ने किया निरीक्षण, कैट जिलाध्यक्ष रतन शर्मा से की भेंट*

बरमकेला। बरमकेला में हाल ही में प्रारंभ हुई एक्सिस बैंक की शाखा के सुचारु संचालन एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु बैंक के सर्किल मैनेजर प्रवीण पटोदिया का आगमन हुआ। उल्लेखनीय है कि शाखा का शुभारम्भ पूर्व में ही हो चुका है और अब बैंक प्रबंधन द्वारा सेवाओं की गुणवत्ता एवं कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

भारत में बैंकिंग वितरण प्रणाली के विशेषज्ञ माने जाने वाले सर्किल मैनेजर प्रवीण पटोदिया ने शाखा का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रबंधक एवं कर्मचारियों को ग्राहक सेवा, पारदर्शिता, त्वरित कार्य निष्पादन तथा डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य क्षेत्र के व्यापारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को सहज, सुरक्षित और बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान श्री पटोदिया ने कैट के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा से सौजन्य भेंट भी की। इस अवसर पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैंक द्वारा बरमकेला एवं आसपास के क्षेत्रों के ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की जाएंगी और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने सभी वर्गों से सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की।
वहीं कैट के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बरमकेला में बैंक की शाखा खुलने से व्यापारियों एवं आमजन को काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने बैंक के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र के आर्थिक विकास में सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
सर्किल मैनेजर के निरीक्षण से शाखा की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल मानी जा रही है।



