कन्या हाई सेकेंडरी स्कूल बरमकेला में 12वीं के छात्राओं को दी भावभीनी विदाई

सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला नगर स्थित शासकीय कन्या हाई सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 12वीं की छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष यशवंत नायक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए पूरी मेहनत और लगन से तैयारी करने का संदेश दिया।

अध्यक्ष यशवंत नायक ने कहा कि यह समय छात्राओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा की तैयारी करें, ताकि उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर विद्यालय, क्षेत्र और पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री स्वयं विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें परीक्षा के तनाव से मुक्त होकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहे हैं। छात्राओं को भी इसी आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भावुक माहौल में छात्राओं ने अपने विद्यालय के अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।



