
सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, बरमकेला के प्राचार्य एवं जिला नोडल अधिकारी (समग्र शिक्षा) नरेश कुमार चौहान को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मुख्य अतिथि राधेश्याम राठिया, सांसद लोकसभा रायगढ़ के करकमलों से प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया।
नरेश कुमार चौहान ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, बच्चों को शैक्षणिक, बौद्धिक, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में आगे बढ़ाने के लिए सतत प्रयास किए हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय में अनुशासित शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने शिक्षकों को समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण करने, बच्चों को सही मार्गदर्शन देने एवं नियमित रूप से शिक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
बरमकेला क्षेत्र में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल को एक अलग और विशिष्ट पहचान दिलाने में नरेश कुमार चौहान की भूमिका सराहनीय रही है। उनके कुशल नेतृत्व और कड़ी मेहनत का परिणाम है कि आज इस विद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
गणतंत्र दिवस समारोह में उनके कार्यों की सराहना करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए भी गर्व का विषय है।



