धूमाभांठा में बरमकेला कबड्डी प्रीमियम लीग सीजन-01 का भव्य आयोजन, शुभम् वारियर्स बनी विजेता

धूमाभांठा/बरमकेला:- बरमकेला कबड्डी प्रीमियम लीग सीजन-01 का भव्य आयोजन 17 जनवरी 2026 से 18 जनवरी 2026 तक ग्राम पंचायत धूमाभांठा में नवयुवक समिति के तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रो कबड्डी के नियमों के तहत किया गया, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने जबरदस्त खेल प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने भाग लेकर लीग को रोमांचक बना दिया।

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 21,001 रुपये नगद एवं कप नवोत्स सोलर सोल्यूशन के द्वारा प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार 15,001 रुपये नगद एवं कप भाजपा प्रदेश संयोजक कृषि व्यवसाय एवं किसान मोर्चा श्री कैलाश पण्डा जी तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष सारंगढ़ बिलाईगढ़ श्री मनोहर पटेल जी के सौजन्य से दिया गया। तृतीय पुरस्कार 6,001 रुपये नगद एवं कप साहू ब्रदर्स की ओर से श्री उदयनाथ साहू के सुपुत्र श्री संजय कुमार साहू (एसडीओ बीएसएनएल) एवं श्री संदीप कुमार साहू (उप संचालक उद्योग) द्वारा रखा गया, वहीं चतुर्थ पुरस्कार 6,001 रुपये नगद एवं कप श्री नारायण साहू जी द्वारा प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ नवोत्सा सोलर सोल्यूशन के डायरेक्ट तथा ग्राम पंचायत धूमाभांठा के सरपंच श्री प्रमोद भट्ट जी के द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। प्रारंभिक मुकाबलों के बाद 12 में से 8 टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, जहां रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इसके पश्चात शुभम् वारियर्स, आईसेक्ट/आभा कम्प्यूटर्स, धरम विद्या कृषि फार्म एवं लक्की पायरेट्स की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं।

पहले सेमीफाइनल में आईसेक्ट/आभा कम्प्यूटर्स ने लक्की पायरेट्स को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में शुभम् वारियर्स ने धरम विद्या कृषि फार्म को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। फाइनल मुकाबला आईसेक्ट/आभा कम्प्यूटर्स एवं शुभम् वारियर्स के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंतिम रेड में आईसेक्ट/आभा कम्प्यूटर्स के रेडर के अंक गंवाने के कारण शुभम् वारियर्स ने 1 अंक से जीत दर्ज कर बरमकेला कबड्डी प्रीमियम लीग सीजन-01 की विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में बेस्ट कैचर का पुरस्कार संजू सिदार (आईसेक्ट/आभा कम्प्यूटर्स), बेस्ट रेडर का पुरस्कार विनय साहू (आईसेक्ट/आभा कम्प्यूटर्स) तथा बेस्ट ऑलराउंडर का पुरस्कार गोविंद बरेठ (शुभम् वारियर्स) को प्रदान किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जगन्नाथ पाणिग्राही जी, भाजपा प्रदेश संयोजक श्री कैलाश पण्डा जी, जिला भाजपा उपाध्यक्ष श्री मनोहर पटेल जी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी, टीम ऑनर एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में नवयुवक समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।




