दुर्घटना का इंतजार कर रहा है बिजली विभाग, खोरीगांव में जानलेवा खंभा बना खतरा

सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला मुख्यालय से महज 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत खोरीगांव में बिजली विभाग की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। मेन रोड के ठीक किनारे लगा बिजली का खंभा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। बावजूद इसके, संबंधित विभाग अब तक आंख मूंदे बैठा है।
ग्राम पंचायत खोरीगांव के सरपंच तिलक नायक महाजन बोबा द्वारा इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारी–कर्मचारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है। शिकायत में स्पष्ट रूप से सड़क किनारे खतरनाक स्थिति में खड़े खंभे को हटाने या सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई थी। लेकिन हैरानी की बात यह है कि महीनों बीत जाने के बाद भी विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

तिलक नायक का कहना है कि यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है, जहां दिन-रात छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन बना रहता है। सड़क संकरी होने के कारण खंभा सीधे दुर्घटना को आमंत्रण देता नजर आ रहा है। आए दिन लोग बाल-बाल बचते हैं, लेकिन कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
इस गंभीर समस्या को लेकर जिला पंचायत सीईओ एवं बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को भी कई बार अवगत कराया गया है, परंतु अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। ग्रामीणों में रोष व्याप्त है और सवाल उठ रहे हैं कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा।
अब देखना यह है कि प्रशासन समय रहते चेतता है या फिर किसी दुर्घटना के बाद ही बिजली विभाग की नींद खुलेगी। ग्रामीणों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।



