सेवा सहकारी समिति बरमकेला ओर बोईरडीह में धान खरीदी से किसान खुश, व्यवस्थाओं की हो रही सराहना

सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत बरमकेला बोईरडीह सेवा सहकारी समिति में चल रही धान खरीदी व्यवस्था से क्षेत्र के किसान काफी संतुष्ट नजर आ रहे हैं। खरीफ सीजन में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए बड़ी संख्या में किसान खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। समय पर तौल, बारदाने की उपलब्धता और भुगतान की प्रक्रिया को लेकर किसानों में सकारात्मक माहौल है।

खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छाया तथा सुव्यवस्थित टोकन प्रणाली के कारण किसानों को घंटों लाइन में खड़ा नहीं रहना पड़ रहा। किसानों का कहना है कि पहले जहां खरीदी के दौरान अव्यवस्थाएं देखने को मिलती थीं, वहीं इस बार समिति द्वारा की गई पुख्ता तैयारी से पूरा कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहा है।
सेवा सहकारी समिति बोईरडीह के प्रबंधक धर्मपाल पटेल के मार्गदर्शन में कंप्यूटर ऑपरेटर हरिशंकर नायक एवं समस्त स्टाफ पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। धान की गुणवत्ता जांच से लेकर ऑनलाइन एंट्री और तौल तक सभी कार्य पारदर्शिता के साथ किए जा रहे हैं। समिति स्टाफ द्वारा किसानों से सहयोगात्मक व्यवहार किया जा रहा है, जिससे किसानों का भरोसा और बढ़ा है।
किसानों ने शासन-प्रशासन एवं समिति प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इसी तरह व्यवस्था बनी रही तो धान खरीदी का कार्य समय से पूर्ण होगा और किसानों को आर्थिक रूप से भी राहत मिलेगी। बोईरडीह धान खरीदी केंद्र इस बार बेहतर व्यवस्थाओं के कारण क्षेत्र में एक उदाहरण बनता नजर आ रहा है।



