
सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के अंतर्गत जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से घोटला छोटे हरदी गांव में टंकी निर्माण का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण कार्यपालन अभियंता राम शंकर कश्यप के निर्देश पर के. सूर्यवंशी उप अभियंता द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान उप अभियंता के. सूर्यवंशी ने निर्माणाधीन पानी टंकी की स्थिति को बारीकी से देखा। उन्होंने टंकी के ऊपरी छत पर चढ़कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, संरचना और सामग्री का निरीक्षण किया। इस दौरान ठेकेदार एवं मिस्त्री को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य एस्टीमेट के अनुसार ही किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि टंकी का स्ट्रक्चर मजबूत और टिकाऊ होना चाहिए, ताकि भविष्य में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उप अभियंता ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की भी जांच की और गुणवत्तापूर्ण सीमेंट, सरिया एवं अन्य निर्माण सामग्री के उपयोग पर विशेष जोर दिया। साथ ही समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

गौरतलब है कि जल जीवन मिशन के तहत सारंगढ़ क्षेत्र सहित जिले के लगभग सभी ग्रामों में टंकी निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य हर घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखी जा रही है, ताकि योजना का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे और सरकारी राशि का सही उपयोग हो सके।




