
बरमकेला।
ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बरमकेला क्षेत्र के समाजसेवी, भारत के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के जिला अध्यक्ष एवं जिला रेडक्रास सोसायटी प्रबंध समिति के सदस्य रतन शर्मा ने आमजन से जरूरतमंदों को कंबल एवं गर्म कपड़े वितरित करने की अपील की है। उन्होंने इसे मानवता और सेवा भाव से जुड़ा एक अत्यंत पुण्य का कार्य बताया है।

इस संबंध में श्री रतन शर्मा ने कहा कि ठंड के इस मौसम में यदि कहीं भी कोई बुजुर्ग, निर्धन, भिखारी या ऐसा कोई जरूरतमंद व्यक्ति दिखाई दे, जिसकी आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर हो कि वह अपने लिए गर्म कपड़े नहीं खरीद सकता, तो सामर्थ्यवान लोगों को आगे बढ़कर उसकी सहायता अवश्य करनी चाहिए। ऐसे कार्य से न केवल किसी का जीवन सुरक्षित होता है, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।
गौरतलब है कि समाजसेवा के क्षेत्र में रतन शर्मा का योगदान वर्षों से अनुकरणीय रहा है। वे प्रतिवर्ष सैकड़ों जरूरतमंदों को विभिन्न स्थानों एवं सेवा शिविरों में जाकर कंबल, स्वेटर एवं अन्य गर्म वस्त्रों का वितरण करते आ रहे हैं। इसके साथ ही वे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के शिविरों में भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभाते हुए सेवा कार्यों को प्रोत्साहित करते रहे हैं।

श्री शर्मा का योगदान केवल वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि वे चिकित्सा, स्वास्थ्य, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भी निरंतर सहयोग करते रहे हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें जिला एवं प्रदेश स्तर पर कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।
ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को कंबल और गर्म कपड़े उपलब्ध कराने के लिए आमजन से की गई उनकी यह अपील तथा स्वयं निरंतर इस दिशा में किया जा रहा कार्य निश्चित रूप से प्रशंसनीय और प्रेरणादायक है। ऐसे समाजसेवी प्रयासों से ही एक संवेदनशील और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।



