पी एम श्री सेजेस बरमकेला के विद्यार्थियों ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शैक्षिक भ्रमण

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे एवं जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुनियाद रेड क्रॉस सोसायटी से जुड़े विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा दिनांक 13 सितंबर 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला का शैक्षिक भ्रमण किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं, प्राथमिक उपचार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था।

विद्यालय के प्राचार्य नरेश कुमार चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। वहां उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने विद्यार्थियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन सेवाओं, टीकाकरण, स्वतंत्रता एवं गंभीर बीमारियों जैसे टीबी, मलेरिया आदि से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही, स्वास्थ्य केंद्र में होने वाले विभिन्न परीक्षणों जैसे रक्त परीक्षण, एक्स-रे एवं अन्य चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में भी विस्तारपूर्वक बताया गया।

विद्यार्थियों को समझाया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है। विशेषकर ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमजन के लिए जीवन रक्षक साबित होते हैं। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को यह भी जानकारी दी कि प्राथमिक उपचार किसी भी गंभीर स्थिति में जीवन बचाने का सबसे महत्वपूर्ण साधन है।

इस अवसर पर प्राचार्य नरेश कुमार चौहान ने कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के स्वास्थ्य संवर्धन कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।
इस शैक्षिक भ्रमण को सफल बनाने में रेड क्रॉस सोसायटी की टीम के वरिष्ठ व्याख्याता पवन कुमार नायक, रेड क्रॉस प्रभारी बृजेश कुमार प्रधान व्याख्याता तथा श्रीमती उमा वर्मा व्याख्याता का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं से अवगत कराया और उन्हें वास्तविक जीवन से जोड़ते हुए सीखने का अवसर प्रदान किया।
इस प्रकार यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।



