आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही : 55 लीटर अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

आबकारी आयुक्त श्रीमती आर. संगीता एवं कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशानुसार तथा प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने सराहनीय कार्रवाई की है। दिनांक 21 अगस्त 2025 को आबकारी वृत सरिया के अंतर्गत ग्राम बड़े आमाकोनी में झोरझोरा डेम जामजोरी मार्ग पर दबिश दी गई। इस दौरान आरोपी अनिल बरिहा निवासी बड़े आमाकोनी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से एक पीले रंग की प्लास्टिक जरीकेन में 15 लीटर और दो प्लास्टिक पन्नियों में भरी 40 लीटर देशी हाथ भट्टी शराब जब्त की गई। इस प्रकार कुल 55 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। शराब जब्ती के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस अभियान में आबकारी उप निरीक्षक रामेश्वर राठिया, उप निरीक्षक हबील खलखो एवं उप निरीक्षक लोकनाथ साहू के साथ मुख्य आरक्षक मोहन चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं सुरक्षा दल में शामिल मुकुंद चौहान, डोलनारायण यादव, फागूलाल, नीता पटेल एवं दिव्या सिदार की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की रोकथाम हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से शराब तस्करी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे भी अवैध शराब की सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दें, ताकि समाज में इस कुप्रथा पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।



