सांकरा में डबल कैज़े व्हील युक्त ट्रैक्टर पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, वाहन जब्त

सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम सांकरा में प्रशासन ने सड़कों की सुरक्षा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बिना पट्टी के डबल कैज़े व्हील युक्त ट्रैक्टर चलाने पर सख्त कार्रवाई की है। वाहन मालिक चितामनी प्रधान, निवासी ग्राम सांकरा, द्वारा नव-निर्मित सड़क पर डबल कैज़े व्हील ट्रैक्टर चलाकर उसे खेत की ओर ले जाया गया था। इस अवैध गतिविधि की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दिया।

गौरतलब है कि पिछले एक माह से प्रशासन द्वारा क्षेत्र में मुनादी कर यह स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि कोई भी व्यक्ति डबल कैज़े व्हील वाले ट्रैक्टर का उपयोग सड़क मार्ग पर न करे, जब तक उस पर पट्टी न लगाई जाए। इसके साथ ही कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने भी संबंधित ग्राम सचिवों और सरपंचों के साथ बैठक कर इस नियम के पालन की अनिवार्यता पर बल दिया था।
इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कोमल साहू, सरिया पुलिस, ग्राम सचिव, सरपंच एवं अनेक ग्रामीण उपस्थित थे। प्रशासन की इस तत्परता से यह संदेश गया है कि सरकारी निर्देशों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण हो सके और कानून व्यवस्था बनी रहे।



