छत्तीसगढ़सारंगढ़ बिलाईगढ़

पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर विधायक को सौंपा गया राज्यपाल के नाम ज्ञापन

सारंगढ़। प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद हुई है। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के सदस्यों ने पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू करने की मांग करते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों का कहना है कि वर्ष 2023 में कांग्रेस सरकार द्वारा पत्रकार सुरक्षा कानून को विधानसभा में पारित किया गया था, लेकिन वह प्रस्ताव अब तक राज्यपाल के हस्ताक्षर के अभाव में अटका हुआ है।

ज्ञापन में समिति के सदस्यों ने आग्रह किया है कि पत्रकारों के हित में राज्यपाल तत्काल इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर इसे कानून का रूप दें, जिससे पत्रकारों को कानूनी सुरक्षा मिल सके। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि आज मीडियाकर्मी लगातार झूठी एफआईआर और मानसिक उत्पीड़न का शिकार हो रहे हैं। उनकी कलम को भ्रष्टाचार उजागर करने से रोका जा रहा है, जिससे पत्रकारिता स्वतंत्रता खतरे में है।

इस अवसर पर समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पत्रकार सुरक्षा कानून लागू नहीं किया गया, तो प्रदेश भर में कलम बंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। जिलाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश के सभी पत्रकारों को एकजुट होकर कानून की मांग को और मजबूत करना चाहिए, ताकि शहरी ही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकारों को भी निष्पक्ष रूप से कार्य करने की स्वतंत्रता मिले।

ज्ञापन सौंपते समय समिति के जिलाध्यक्ष नरेश चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष देवराज दीपक, संरक्षक लक्ष्मीनारायण लहरे, सहित मिथुन यादव, समीप अनंत, युवराज निराला और जगन्नाथीय साहू मौजूद थे। समिति ने प्रदेश भर में अभियान तेज करने की बात भी कही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button