बिलाईगढ़ विधानसभा में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, सभी 5 नगर पंचायत हारे विधायक कविता लहरे के निष्क्रियता से हार

बिलाईगढ़ विधानसभा में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस विधानसभा के अंतर्गत आने वाली पांच नगर पंचायतों में से एक में भी कांग्रेस अध्यक्ष पद हासिल नहीं कर सकी। यह हार कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका साबित हो रही है।

पूर्व विधायक चंद्रदेव राय के कार्यकाल में कांग्रेस ने सभी नगर पंचायतों में जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार कांग्रेस पूरी तरह से पराजित हो गई। नगर पंचायत सरसींवा, नगर पंचायत भटगांव, नगर पंचायत बिलाईगढ़, नगर पंचायत पवनानी और नगर पंचायत टुण्डा में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।
विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान विधायक कविता लहरे पर निष्क्रियता का आरोप लगाया जा रहा है। कहा जा रहा है कि उन्होंने नगरीय चुनावों में सक्रिय भूमिका नहीं निभाई, जिसके परिणामस्वरूप कांग्रेस की हार हुई।
कांग्रेस की इस हार से पुराने कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता चंद्रदेव राय के कार्यकाल को याद कर रहे हैं, जब उनकी सक्रियता से कांग्रेस को नगर पंचायतों में जीत मिली थी। अब कांग्रेस के भीतर यह चर्चा हो रही है कि यदि विधायक और पार्टी नेतृत्व ने सही रणनीति अपनाई होती, तो शायद यह हार टल सकती थी। इस करारी हार से कांग्रेस को सबक लेना होगा और भविष्य में अपनी पकड़ मजबूत करनी होगी।



